आनंदीबेन पटेल बनीं मध्य प्रदेश की नई राज्यपाल

गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. 23 जनवरी को एक समरोह में उन्होंने राज्यपाल के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हेमंत गुप्ता राजभवन में एक समारोह में पटेल को राज्यपाल पद की शपथ दिलाई। उन्होंने राज्यपाल ओमप्रकाश कोहली का स्थान लिया, कोहली गुजरात के राज्यपाल हैं और मध्य प्रदेश के राज्यपाल का पद अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
आनंदीबेन पटेल मध्य प्रदेश की दूसरी महिला राज्यपाल बनी हैं। 1989 में सरला ग्रेवाल राज्य की पहली महिला राज्यपाल बनी थीं। आनंदीबेन के नाम गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री होने का भी गौरव शामिल है। उनका जन्म 21 नवंबर, 1941 को मेहसाणा जिले के खरोद में हुआ था। उन्होंने एमएससी और एमएड (गोल्ड मेडलिस्ट) तक शिक्षा प्राप्त की। अहमदाबाद के मोहिनाबा हाईस्कूल में प्राचार्य रहीं।